Extra Metro in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रोजाना लाखों लोग अपने ऑफिस, कॉलेज और जरूरी कामों के लिए मेट्रो पर निर्भर रहते हैं। खासकर सोमवार की सुबह मेट्रो स्टेशनों पर भारी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर ली है। कल यानि 18 मई 2026 से दिल्ली मेट्रो हर सोमवार अतिरिक्त ट्रेनें चलाएगी, ताकि लोगों का सफर पहले से ज्यादा आरामदायक और सुगम बन सके।
सोमवार को 6 अतिरिक्त ट्रेनें
डीएमआरसी के अनुसार, सोमवार को 6 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनके जरिए कुल 24 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इसका सीधा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जो रोजाना भीड़ और लंबी कतारों से परेशान रहते हैं। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और महिलाएं अक्सर पीक ऑवर में मेट्रो में जगह न मिलने की समस्या झेलते हैं। अब अतिरिक्त ट्रेनों से भीड़ कम होने की उम्मीद है।
स्टेशनों पर खोले जाएंगे अतिरिक्त टिकट काउंटर
डीएमआरसी ने सिर्फ ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि सुरक्षा और सुविधाओं को भी मजबूत करने पर जोर दिया है। स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे, ताकि यात्रियों को लंबी लाइन में न लगना पड़े। डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर भी बढ़ाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा जांच तेज और आसान हो सके। डीएमआरसी का कहना है कि वह यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।