Rajdhani Express Fire: आज रविवार तड़के दिल्ली की ओर जा रही तिरुवनंतपुरम-हजरतन निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गयी, जिससे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गयी. गहरी नींद में सफर कर रहे लोग उस समय घबरा गए, जब एसी कोच से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यह घटना कोटा रेल मंडल क्षेत्र में मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास लूणी और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुई। सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन संख्या 12431 के बी-1 एसी कोच से धुआं निकलता दिखा। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और बाद में थर्ड एसी तथा एसएलआर कोच भी इसकी चपेट में आ गए। दूर तक आसमान में उठता काला धुआं और आग की ऊंची लपटें आसपास के इलाकों में भी डर का माहौल पैदा कर रही थीं।
तुरंत रोका गया ट्रेन
ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने बताया कि पहले हल्की जलने की गंध आई, लेकिन कुछ ही देर में धुआं पूरे कोच में भरने लगा। कई यात्री घबराकर बच्चों को गोद में उठाकर बाहर की ओर भागने लगे। किसी ने चेन खींची तो किसी ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। स्थिति को गंभीर देखते हुए ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी और ट्रेन को रोका गया।
बी-1 कोच में थे करीब 68 यात्री
उस समय बी-1 कोच में करीब 68 यात्री मौजूद थे। आरपीएफ जवानों, रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे ने एहतियात के तौर पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी, ताकि आग और न फैले। बाद में प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
कई ट्रेनें हुई प्रभावित
घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की तथा अतिरिक्त कोच जोड़कर आगे की यात्रा कराने का फैसला लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।