शादी का भरोसा देकर महिला से शोषण का आरोप
Nagpur realtor Ravi Ajit rape case marriage fraud: नागपुर। शिवानंद रियल्टीज के मालिक रवि सुनील अजित के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास और ₹10 लाख की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पहले गिट्टीखदान थाने में ज़ीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज की गई, जिसे बाद में रामटेक थाने को स्थानांतरित किया गया है।
कैसे हुई वारदात की शुरुआत
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी रवि अजित ने उसे प्रॉपर्टी दिखाने के बहाने रामटेक के खिंडसी इलाके में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उस दौरान पीड़िता का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर बार-बार शोषण करता रहा।
इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता का विश्वास जीता और इस दौरान उससे ₹10 लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

14 मई 2026 — जानलेवा हमले की रात
जब पीड़िता को पता चला कि रवि अजित पहले से विवाहित है, तो उसने संबंध तोड़ने और अपने पैसे वापस मांगने का निर्णय लिया। इस पर आरोपी ने 14 मई 2026 को पीड़िता को दाभा चौक पर पैसे और दस्तावेज़ देने के बहाने बुलाया। वहाँ गाड़ी में बैठाकर रवि अजित ने उसका गला दबाया और जान से मारने का प्रयास किया।
पैसे मांगने पर महिला की जान लेने की कोशिश का आरोप
इस हमले में रवि के तीन साथी संदीप मानकर, मनोज खटोरे और गोपाल अजित ने भी उसका साथ दिया।
बैग छीनकर फरार हुए आरोपी
जैसे-तैसे जान बचाकर पीड़िता गाड़ी से भागी, लेकिन संदीप मानकर ने उसका पीछा किया और उसकी बैग छीन ली। बैग में दो मोबाइल फोन, ₹50,000 नगद और पाँच ग्राम की सोने की अंगूठी थी।
पुलिस की उदासीनता, समाजसेवक के हस्तक्षेप से दर्ज हुई एफआईआर (FIR)
पीड़िता ने घटना के उसी दिन गिट्टीखदान थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः एक समाजसेवक की मदद से 16 मई 2026 को गिट्टीखदान थाने में ज़ीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज हो सकी, जिसे रामटेक थाने को ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र