Nagpur News: जनगणना में ओबीसी कॉलम की मांग, देशमुख ने दी आंदोलन की चेतावनी

Anil Deshmukh OBC census demand Nagpur: नागपुर में एनसीपी नेता अनिल देशमुख ने जनगणना में ओबीसी समाज के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सही जातिवार आंकड़ों के बिना ओबीसी समाज को न्याय नहीं मिल सकता। कई गांवों में लोग इसी मांग को लेकर जनगणना का विरोध कर रहे हैं। सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
विषयसूची
जनगणना में ओबीसी कॉलम को लेकर बढ़ी मांग
Anil Deshmukh OBC census demand Nagpur: नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के नेता एवं पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार को स्पष्ट मांग रखी कि जनगणना प्रपत्र में ओबीसी समाज के लिए अलग कॉलम शामिल किए बिना जनगणना प्रक्रिया स्वीकार्य नहीं होगी।
देशमुख ने कहा, “पहले ओबीसी का कॉलम जोड़ो, फिर ही जनगणना शुरू करो।” उन्होंने कहा कि देश और महाराष्ट्र में ओबीसी समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। स्वतंत्र जातिवार जनगणना और उसमें ओबीसी कॉलम के बिना समाज की वास्तविक संख्या और स्थिति का सही आकलन संभव नहीं है।
गांवों में विरोध, प्रशासन पर आरोप
देशमुख ने बताया कि कई गांवों में नागरिकों ने ओबीसी कॉलम नहीं होने के कारण जनगणना का विरोध किया है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि विरोध करने वाले नागरिकों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है।
मंडल आयोग का हवाला, आंदोलन की चेतावनी
पूर्व गृहमंत्री ने मंडल आयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि ओबीसी समाज को न्याय दिलाने के लिए प्रमाणिक आंकड़े बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द बदलाव नहीं हुआ, तो महाराष्ट्र भर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो सकता है।
अब देखना होगा कि केंद्र और राज्य सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है और क्या जनगणना प्रपत्र में कोई संशोधन किया जाता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

