नागपुर में बन रहे देश के सबसे बड़े कृषि सम्मेलन केंद्र की प्रगति

Nagpur Largest Agriculture Convention Center Construction: नागपुर के दाभा क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा कृषि सम्मेलन केंद्र बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। 21.7 हेक्टेयर भूमि पर बन रहे इस केंद्र में आधुनिक सुविधाएं, बड़ा सभागार और सम्मेलन हॉल होंगे। परियोजना का करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह नागपुर को नई पहचान देगा।
विषयसूची
नागपुर में बन रहा देश का सबसे बड़ा कृषि सम्मेलन केंद्र
Nagpur Largest Agriculture Convention Center Construction: नागपुर के दाभा क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक इंटरनेशनल एग्रीकल्चरल कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर बनाया जा रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र केवल कृषि प्रदर्शनियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, व्यापारिक प्रदर्शनियां और सेमिनार भी यहां आयोजित होंगे। इससे नागपुर को वैश्विक पहचान मिलेगी और शहर की आर्थिक-औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
यह सेंटर दाभा गांव के समीप डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ की 21.7 हेक्टेयर भूमि पर राज्य सरकार बना रही है। नागपुर के जीरो माइल से इसकी दूरी मात्र 7.8 किलोमीटर है, और यह हवाई अड्डे व रेलवे स्टेशन से भी नज़दीक है।


मुख्यमंत्री फडणवीस ने निर्माण कार्य की प्रगति का किया निरीक्षण
परियोजना में आधुनिक लैंडस्केपिंग, फव्वारे, कॉन्फ्रेंस-सेमिनार हॉल, बोर्ड रूम, डाइनिंग हॉल और बड़ी पार्किंग व्यवस्था शामिल है। दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ बसों की पार्किंग भी होगी। सबसे बड़ा आकर्षण 2,000 दर्शकों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम होगा, जो देश के सबसे बड़े सभागारों में शुमार होगा। परिसर में अत्याधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली भी लगाई जा रही है।
निर्माण की जिम्मेदारी महाराष्ट्र स्टेट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमएसआईडीसी) को दी गई है। अधीक्षक अभियंता नरेश बोरकर ने प्रस्तुति के जरिए मुख्यमंत्री को जानकारी दी और बताया कि करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कार्यक्रम में एमएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक बृजेश दीक्षित और सांसद मायाताई इवनाते सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

