नागपुर के वानाडोंगरी में ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े सशस्त्र डकैती, लाखों के गहने लूटकर फरार हुए 4 बदमाश

नागपुर के वानाडोंगरी में ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की। बंदूक की नोक पर सोने-चांदी के गहने और मोबाइल लूटकर आरोपी फरार हो गए।
विषयसूची
बंदूक दिखाकर कर्मचारी से लूटे गहने और मोबाइल
नागपुर के वानाडोंगरी इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। हिंगणा मार्ग पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान का शटर अंदर से बंद किया और बंदूक की नोक पर कर्मचारी को डराकर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद चारों आरोपी मोटरसाइकिल से नागपुर की ओर फरार हो गए।
ढोमणे ज्वेलर्स में हुई वारदात
घटना वानाडोंगरी स्थित ढोमणे ज्वेलर्स की है। यह दुकान पशु चिकित्सा अस्पताल के ठीक बगल में स्थित बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय दुकान के कर्मचारी शुभम हाडगे ने रोज की तरह दुकान खोली थी।
शटर बंद कर दी वारदात को अंजाम
दुकान खुलने के कुछ ही देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात आरोपी वहां पहुंचे। इनमें से दो आरोपी पहले दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि कुछ देर बाद दो अन्य आरोपी भी दुकान में पहुंच गए। चारों आरोपियों के दुकान के अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने अचानक दुकान का शटर अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद एक आरोपी ने बंदूक निकालकर कर्मचारी पर तान दी और उसे धमकाया। बदमाशों ने बंदूक के बल पर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण और तिजोरी में रखे गहने अपने कब्जे में ले लिए। इतना ही नहीं, आरोपी कर्मचारी का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मोटरसाइकिल से नागपुर की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उनके भागने के रास्ते और अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

