Nagpur Crime News: नागपुर के नंदनवन इलाके में कल शुक्रवार रात एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संजय उर्फ मोनू ठाकुर (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 10:30 बजे की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार इलाके में दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान संजय उर्फ मोनू ठाकुर वहां पहुंचा और दोनों के झगड़े में दखल देने लगा। बताया जा रहा है कि विवाद कर रहे लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है और वह बीच में न पड़े। इसके बावजूद मोनू लगातार दोनों को धमका रहा था।
शराब के नशे में था आरोपी
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने आपसी दुश्मनी छोड़कर संजय उर्फ मोनू ठाकुर पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक युवक का आपराधिक रिकॉर्ड
जानकारी के मुताबिक मृतक संजय उर्फ मोनू ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग पुलिस थानों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।