आत्महत्या प्रभावित किसानों के बच्चों को शिर्डी में मिलेगी मुफ्त आवासीय कोचिंग

Free MHT-CET coaching for farmers children Shirdi: महाराष्ट्र में श्री साईबाबा संस्थान ने आत्महत्या प्रभावित किसानों के मेधावी बच्चों के लिए मुफ्त आवासीय एमएचटी-सीईटी कोचिंग योजना शुरू की है। कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को शिर्डी में पढ़ाई, रहने और खाने की सुविधा दी जाएगी। आकाश इंस्टीट्यूट के शिक्षक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराएंगे।
विषयसूची
किसानों के बच्चों के लिए शिक्षा की नई पहल
Free MHT-CET coaching for farmers children Shirdi: शिर्डी (अहमदनगर)। श्री साईबाबा संस्थान विश्वस्तव्यवस्था ने महाराष्ट्र के आत्महत्या प्रभावित किसान परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल की घोषणा की है। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से इन विद्यार्थियों को एमएचटी-सीईटी (MHT-CET) परीक्षा की तैयारी के लिए पूर्णतः निःशुल्क और आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह कोचिंग आकाश इंस्टीट्यूट के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा श्री साईबाबा कनिष्ठ महाविद्यालय, शिर्डी में दी जाएगी।
योजना की पात्रता: कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले आत्महत्या प्रभावित किसान परिवारों के विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र होंगे।
शिर्डी में मिलेगी मुफ्त आवासीय एमएचटी-सीईटी कोचिंग
क्या-क्या मिलेगा निःशुल्क: संस्थान विद्यार्थियों के रहने, भोजन और संपूर्ण प्रशिक्षण की जिम्मेदारी स्वयं उठाएगा। साथ ही आधुनिक अध्ययन सुविधाएं और अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रवेश की शर्त: योजना का लाभ लेने के लिए पात्र विद्यार्थियों को श्री साईबाबा कनिष्ठ महाविद्यालय, शिर्डी में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
यह पहल इंजीनियरिंग, फार्मेसी और अन्य तकनीकी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद का द्वार खोलेगी।
इच्छुक विद्यार्थी और उनके परिजन प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए श्री साईबाबा कनिष्ठ महाविद्यालय से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

