नागपुर जेल में सिपाही के पास से चरस, नशीली दवाइयां और ब्लेड मिले, जांच तेज

Nagpur Central Jail constable drugs blade recovery arrest: नागपुर केंद्रीय जेल में नियमित जांच के दौरान सिपाही विकास सहारे के पास से चरस, नशीली दवाइयां और ब्लेड बरामद हुए। इसके बाद धंतोली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके मोबाइल, बैंक खातों और लेन-देन की जांच कर रही है। जेल प्रशासन भी यह पता लगाने में जुटा है कि यह प्रतिबंधित सामान किस बंदी तक पहुंचाया जाना था।
विषयसूची
नागपुर जेल की जांच में सामने आए नए सवाल
Nagpur Central Jail constable drugs blade recovery arrest: नागपुर केंद्रीय जेल में एक बार फिर गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई है। जेल प्रशासन की सतर्कता से एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले नियुक्त हुए सिपाही विकास सहारे को मुख्य प्रवेश द्वार पर नियमित जांच के दौरान संदिग्ध पाया गया। गहन तलाशी में उसके अंडरवियर में छिपाकर रखी गई चरस, नशीली दवाइयां और ब्लेड बरामद हुए।
घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह सामग्री जेल के किसी बंदी तक पहुंचाई जानी थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सामान किस कैदी के लिए लाया गया था और इसमें और कौन-कौन शामिल है।
सूचना मिलते ही धंतोली पुलिस ने विकास सहारे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट, बैंक खातों और लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि उसके खातों में किन लोगों से पैसे आए और वह कब से इस गतिविधि में शामिल था।
पुलिस और जेल प्रशासन हर पहलू की कर रहे हैं जांच
जेल प्रशासन के मुताबिक, बरामद ब्लेड सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते थे इनका इस्तेमाल आत्महत्या या किसी बंदी अथवा अधिकारी पर हमले के लिए किया जा सकता था। इसी वजह से मामले को संवेदनशील मानते हुए विशेष जांच शुरू की गई है।
जेल अधीक्षक ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। विकास सहारे से लगातार पूछताछ जारी है, ताकि नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और यह सिलसिला कब से चल रहा था, इसका पता लगाया जा सके।
आगे की जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

