नागपुर में महिलाओं के लिए नई सुविधा का निर्माण
jijau Smriti Shodh Sansthan Nagpur women entrepreneurship center: नागपुर। नागपुर महानगरपालिका (मनपा) शहर की महिला उद्यमियों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए शंकरनगर में “जिजाऊ स्मृति शोध संस्थान” का निर्माण कर रही है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 36 करोड़ 39 लाख रुपये के संशोधित प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।
बुधवार को आयुक्त ने किया स्थलनिरीक्षण
मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने बुधवार को निर्माण स्थल का स्वयं निरीक्षण किया और अधिकारियों व ठेकेदार को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान कार्यकारी अभियंता श्रीमती अल्पना पाटणे, उपअभियंता आनंद मोखाडे तथा पूर्व महापौर श्रीमती नंदा जिचकार भी उपस्थित रहीं।

क्या-क्या होगा इस संस्थान में?
लगभग 3872 वर्गमीटर भूखंड पर 3387 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पांच मंजिला भवन बनाया जाएगा। इसमें निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध होंगी —
- प्रदर्शनी हॉल व मार्केटिंग हब
- ई-लाइब्रेरी
- प्रशिक्षण एवं कार्यशाला सभागृह
- 200 सीटों वाला ऑडिटोरियम
- कॉन्फ्रेंस हॉल
- व्यावसायिक दुकानों के लिए निर्धारित स्थान
पूर्व महापौर ने जताई उम्मीद
पूर्व महापौर श्रीमती नंदा जिचकार ने कहा, “यह संस्थान शहर की महिला उद्यमियों को नया मंच प्रदान करेगा और महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
निर्माण कार्य की प्रगति पर मनपा आयुक्त की नजर बनी हुई है और जल्द ही काम में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र