आजादी या नया मानसिक जाल?
Work From Anywhere India: कोरोना महामारी के दौर में जिस वर्क फ्रॉम होम को कंपनियों ने मजबूरी में अपनाया था, वह अब कॉर्पोरेट जगत का एक स्थाई सच बन चुका है। समय के साथ यह धारणा और आगे बढ़ी है। अब सवाल यह नहीं है कि ‘क्या घर से काम हो सकता है?’, बल्कि सवाल यह है कि ‘जब काम ऑनलाइन ही होना है, तो किसी भी जगह से क्यों न हो?’ इसी सोच ने ‘वर्क फ्रॉम एनीवेयर‘ यानी कहीं से भी काम करने की संस्कृति को जन्म दिया है। आज की नई पीढ़ी के लिए दफ्तर का मतलब चार दीवारें नहीं, बल्कि एक लैपटॉप, तेज इंटरनेट और काम पर फोकस करने की आजादी बन चुका है।
युवाओं की पहली पसंद क्यों बन रहा है यह मॉडल?
महानगरों की भागदौड़ भरी जिंदगी ने युवाओं को बुरी तरह थका दिया है। दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु जैसे शहरों में सैलरी का एक बड़ा हिस्सा भारी-भरकम किराए और यातायात (ट्रैफिक जाम) की भेंट चढ़ जाता है। इसके अलावा, परिवार से दूर रहने के कारण खान-पान की समस्या और मानसिक अशांति बनी रहती है। नई पीढ़ी के पेशेवर अब ‘काम के लिए जिंदगी’ खपाने के बजाय ‘जिंदगी जीने के लिए काम’ करना चाहते हैं। ‘वर्क फ्रॉम एनीवेयर’ उन्हें अपने गांव, किसी शांत हिल स्टेशन या समंदर के किनारे बैठकर काम करने की आजादी देता है। इससे दफ्तर आने-जाने का जो समय बचता है, उसका उपयोग लोग बागवानी, संगीत, लेखन या परिवार के साथ वक्त बिताने में कर रहे हैं।
किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कामयाब?
यह मॉडल मुख्य रूप से सर्विस सेक्टर (सेवा क्षेत्र) के उन कामों में सफल है, जहां किसी भारी मशीनरी या कर्मचारी की भौतिक उपस्थिति अनिवार्य नहीं होती:
– आईटी और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट
– डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक डिजाइनिंग
– कंटेंट राइटिंग और संपादन
– ऑनलाइन टीचिंग और एडु-टेक
– कस्टमर सपोर्ट और फाइनेंशियल एनालिसिस
कंपनियों को भी दोहरा मुनाफा
इस मॉडल से कंपनियों का ऑफिस स्पेस, बिजली और मेंटेनेंस का भारी खर्च बच रहा है। साथ ही, उन्हें कर्मचारियों को हायर करने के लिए किसी एक शहर तक सीमित नहीं रहना पड़ता, बल्कि पूरी दुनिया से बेहतरीन टैलेंट चुनने का मौका मिलता है।
डिजिटल घुमक्कड़ी नहीं, जिम्मेदारी है यह
Work From Anywhere India: विशेषज्ञों का कहना है कि ‘वर्क फ्रॉम एनीवेयर’ का मतलब यह कतई नहीं है कि आप पर्यटन पर निकल जाएं और जब मन करे तब थोड़ा बहुत काम कर लें। इसमें काम की प्राथमिकता और उसकी क्वालिटी से समझौता नहीं किया जा सकता। स्थान चुनने की आजादी तभी तक है, जब तक आपका आउटपुट शानदार बना रहे।
चुनौतियां और मानसिक संकट
यह लाइफस्टाइल जितनी आकर्षक दिखती है, उतनी है नहीं। जमीनी स्तर पर इसके साथ कई बड़ी चुनौतियां भी जुड़ी हैं:
गड्डमड्ड होती जिंदगी: घर से काम करते समय दफ्तर और निजी जीवन की सीमाएं खत्म हो जाती हैं। कर्मचारियों को लगने लगता है कि वे अब 24 घंटे ड्यूटी पर हैं, जिससे वे बहुत जल्द ऊब जाते हैं।
अकेलेपन का अवसाद: सामाजिक संपर्क पूरी तरह कट जाने से लोग अकेलेपन का शिकार हो रहे हैं, जिसका सीधा असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
तकनीकी निर्भरता: इसके लिए 24 घंटे बिजली बैकअप, हाई-स्पीड इंटरनेट और कंप्यूटर की बेसिक तकनीकी समझ होना जरूरी है। लैपटॉप में खराबी आने पर काम पूरी तरह ठप हो जाता है।
बीच का रास्ता: ‘हाइब्रिड मॉडल’ यही वजह है कि अब पेशेवर और कंपनियां एक बीच का रास्ता निकाल रहे हैं, जिसे ‘हाइब्रिड मॉडल’ कहा जाता है। इसमें कर्मचारी हफ्ते में 3 या 4 दिन घर से और 2 दिन ऑफिस आकर काम करते हैं। इससे काम की आजादी भी बनी रहती है और टीम के साथ सामाजिक जुड़ाव भी नहीं टूटता। हालांकि, कामकाजी महिलाओं के लिए यह मॉडल वरदान साबित हुआ है, क्योंकि इससे उन्हें मातृत्व और करियर के बीच संतुलन बनाने में बड़ी मदद मिल रही है।
कहीं से भी काम करने के लिए क्या है जरूरी?
हाई-स्पीड इंटरनेट व पावर बैकअप: बिना किसी रुकावट के काम करने के लिए तेज वाई-फाई और बिजली का बैकअप पहली शर्त है।
साइबर सिक्योरिटी की समझ: घर से काम करते समय डेटा सुरक्षित रखना जरूरी है, इसलिए कंप्यूटर और साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी आवश्यक है।
दफ्तर जैसा कोना: घर में एक शांत और सुरक्षित जगह तय करें, जहां बैठकर बिना किसी व्यवधान के काम किया जा सके।
कड़ा आत्म-अनुशासन: रोज सुबह तय समय पर पेशेवर तरीके से तैयार होकर काम शुरू करने का अनुशासन होना जरूरी है, ताकि उत्साह बना रहे।