Kalyan Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। हुगली जिले के चंडीतला पुलिस स्टेशन के बाहर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन पर हमला किया गया और उनके सिर पर पत्थर या किसी अन्य वस्तु से चोट पहुंचाई गई। वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा बताया है।
#TMC MP Kalyan Banerjee allegedly attacked in Hooghly. pic.twitter.com/4Sdd1oViaX
— Pooja Mehta (@pooja_news) May 31, 2026
जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी कल शनिवार को सोनारपुर में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ हुई हमले की घटना और उसके बाद गिरफ्तार किए गए टीएमसी नेताओं व कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर आज सुबह चंडीतला थाने ज्ञापन देने पहुंचे थे। ज्ञापन सौंपने से पहले ही वहां मौजूद टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सिर पर चोट लगते ही गिर पड़े कल्याण बनर्जी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिसके जवाब में टीएमसी समर्थकों ने भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच माहौल गर्म हो गया। इसी दौरान कल्याण बनर्जी के सिर पर किसी वस्तु से चोट लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद वह सिर पर भीगा हुआ रूमाल रखे दिखाई दिए और उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोगों पर हमला किया गया है।

कल अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि इससे पहले दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के काफिले का भी विरोध हुआ था। उस दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी की गई थी और कथित तौर पर अंडे व अन्य वस्तुएं फेंकी गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था और अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। इसी मामले को लेकर टीएमसी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।
बीजेपी की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर बीजेपी ने कल्याण बनर्जी के आरोपों को सिरे से नकार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है और वह सिर्फ अभिषेक बनर्जी से जुड़े विवाद से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।