Municipal Recruitment Scam: नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले में तृणमूल विधायक की पत्नी से ईडी ने की पूछताछ

Municipal Recruitment Scam: पश्चिम बंगाल के नगरपालिका भर्ती घोटाले में ईडी की कार्रवाई। तृणमूल विधायक मदन मित्रा की पत्नी से वित्तीय लेनदेन और बैंक रिकॉर्ड पर हुई पूछताछ।
विषयसूची
क्या है टीटागढ़ नगरपालिका भर्ती मामला
Municipal Recruitment Scam: पश्चिम बंगाल में कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को ईडी ने तृणमूल कांग्रेस ) विधायक मदन मित्रा की पत्नी अर्चना मित्रा से घंटों पूछताछ की।
सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचीं अर्चना मित्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमरहटी से टीएमसी विधायक मदन मित्रा की पत्नी अर्चना मित्रा अपने छोटे बेटे शुभरूप मित्रा के साथ सुबह करीब 11 बजे सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचीं। मिली जानकारी के अनुसार जांचकर्ता उन सभी वित्तीय दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड्स की गहराई से जांच कर रहे हैं जिन्हें अर्चना मित्रा को पेश करने के लिए कहा गया था |
पूरे परिवार पर कसता शिकंजा
इस घोटाले में केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इस हफ्ते की शुरुआत में ही ईडी (ED) ने अर्चना के दोनों बेटों से विस्तृत पूछताछ की थी। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ का मुख्य मकसद जांच के दौरान पहले से इकट्ठा किए गए दस्तावेजी सबूतों की पुष्टि करना और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का मिलान करना है।
क्या है टीटागढ़ नगरपालिका भर्ती मामला?
यह पूरा मामला उत्तर 24 परगना जिले की टीटागढ़ नगरपालिका से जुड़ा है जहां लगभग 125 नियुक्तियों में पैसे लेकर अवैध भर्ती करने का गंभीर आरोप है। जांच के दौरान ईडी को मदन मित्रा की कथित संलिप्तता के संकेत मिले थे, जिसके बाद एजेंसी उनके आवास और कार्यालयों सहित कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। इस मामले में ईडी मदन मित्रा से भी पहले पूछताछ कर चुकी है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

