Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर की कोचिंग में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद आज बुधवार सुबह से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। घटना के बाद खान सर ने बड़ा फैसला लेते हुए बुधवार (3 जून) को कोचिंग बंद रखने की घोषणा की है। साथ ही अगले कुछ दिनों तक संस्थान के संचालन पर भी रोक लगाई जा सकती है। इस बीच बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर पहुंचे और “खान सर जिंदाबाद” के नारे लगाए।
छात्रों को संबोधित करते हुए खान सर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पढ़ाई कराना संभव नहीं है। उन्होंने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद कोचिंग परिसर के बाहर भारी भीड़ जुटी रही और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
VIDEO | Patna, Bihar: Students protest over firing incident outside Khan Sir Coaching Centre.
Shots were fired outside coaching institute of Khan Sir on Tuesday evening. A guard was reportedly injured in the incident.#KhanSir #PatnaNews
(Full video available on PTI Videos -… pic.twitter.com/i9FHvv71sC
— Press Trust of India (@PTI_News) June 3, 2026
कोचिंग परिसर में मारपीट, सुरक्षा गार्ड गंभीर
खान सर के अनुसार, मंगलवार रात कुछ लोग जबरन कोचिंग परिसर में घुस आए और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। घटना के समय कोचिंग में ऑनलाइन क्लास भी चल रही थी, जिससे छात्रों और स्टाफ के बीच अफरातफरी मच गई। घायल गार्ड को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कोचिंग परिसर में बढ़ाई गयी सुरक्षा
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कोचिंग परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। भवन के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। खान सर ने भी प्रशासन से अपनी और संस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोचिंग को दो दिनों के भीतर “उड़ा देने” की धमकी
मामले को लेकर खान सर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हमलावरों ने कोचिंग को दो दिनों के भीतर “उड़ा देने” की धमकी दी है। उन्होंने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए दावा किया कि आसपास के कुछ कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। हालांकि पुलिस अभी इन आरोपों की जांच कर रही है।
गोलीबारी की चर्चा पर भी खान सर ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद तनावपूर्ण माहौल में उन्हें गोली चलने की आशंका हुई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि घायल गार्ड से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने प्रारंभिक बयान दिया था।
मामले में FIR दर्ज
इस मामले में खान सर ने नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सभी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि फिलहाल गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।