Annapurna Yojana: कोलकाता सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा योजना’ की औपचारिक शुरुआत आज बुधवार को की जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस योजना का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे लाखों महिलाओं को सीधे लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
‘लक्खी भंडार’ योजना की जगह शुरू होगी ‘अन्नपूर्णा योजना’
अन्नपूर्णा योजना को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणापत्र के प्रमुख वादों में शामिल किया गया था। यह योजना पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘लक्खी भंडार’ योजना का स्थान लेगी। लक्खी भंडार योजना के तहत महिलाओं को अधिकतम 1,500 रुपये प्रति माह की सहायता राशि दी जाती थी, जबकि नई योजना में यह राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह कर दी गई है। इससे महिलाओं को पहले की तुलना में दोगुना आर्थिक लाभ मिलेगा।
तैयारियां लगभग पूरी
राज्य सचिवालय की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में कहा गया है कि महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग को कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने सभी जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार चाहती है कि योजना की शुरुआत पूरे राज्य में एक साथ और व्यवस्थित तरीके से हो।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे सीएम
आदेश के मुताबिक, योजना के लाभार्थी ब्लॉक और नगरपालिका स्तर पर बनाए गए केंद्रों से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का संबोधन और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी ब्लॉक और नगरपालिकाओं तक पहुंचाया जाएगा। सरकार का मानना है कि अन्नपूर्णा योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।