बंगाल में निम्न दबाव का असर बढ़ा, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

West Bengal Heavy Rain Low Pressure Alert: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव लगातार मजबूत हो रहा है। इसके कारण दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कोलकाता में भी बारिश बढ़ने की संभावना है। मछुआरों को 18 जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। शनिवार से बारिश कुछ कम होने का अनुमान है।
विषयसूची
बंगाल में निम्न दबाव का असर, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
West Bengal Heavy Rain Low Pressure Alert: कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है। अलीपुर मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक सौरिश बंद्योपाध्याय के अनुसार, यह निम्न दबाव फिलहाल उत्तर ओडिशा तट और गंगीय पश्चिम बंगाल तट के पास स्थित है और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में यह सुस्पष्ट निम्न दबाव में तब्दील होकर उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल क्षेत्र में स्थिर होगा।
मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की गई है। निम्न दबाव और मानसूनी अक्षरेखा के संयुक्त प्रभाव से समुद्र उग्र रहेगा, इसलिए आज से 18 जुलाई शनिवार तक मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है।
दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में आज भारी बारिश का पीला अलर्ट है। कोलकाता सहित बाकी जिलों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है।

रथ यात्रा के दिन बढ़ेगा बारिश का खतरा, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह
गुरुवार को रथयात्रा के दिन दक्षिण बंगाल में बारिश और तेज होगी। पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में अति भारी बारिश का नारंगी अलर्ट है, यहां कहीं-कहीं 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली तथा उत्तर-दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश का पीला अलर्ट है। शुक्रवार को छिटपुट भारी बारिश जारी रहेगी, शनिवार से कमी आएगी।
उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग व जलपाईगुड़ी में आज भारी बारिश का पीला अलर्ट है। शुक्र-शनिवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार व जलपाईगुड़ी में भी यही अलर्ट रहेगा। रविवार और सोमवार को इन्हीं पांच जिलों में अति भारी बारिश का नारंगी अलर्ट है, जहां 200 मिलीमीटर तक बारिश संभव है। उत्तर-दक्षिण दिनाजपुर में पीला अलर्ट रहेगा। मंगलवार को पांचों जिलों में फिर पीला अलर्ट जारी रहेगा।
आने वाले दिनों में मौसम विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अलर्ट में बदलाव किया जा सकता है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

