दिल्ली-मुंबई के बाद कोलकाता में भी प्रदर्शन की तैयारी, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगी ककरोच जनता पार्टी

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कोलकाता में सीजेपी की बड़ी जनसभा की योजना। देखें क्या है पूरा मामला और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं।
विषयसूची
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग क्यों कर रहा है सीजेपी
दिल्ली और मुंबई के बाद अब क्या कोलकाता की सड़कों पर भी ककरोच नजर आएंगे । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञाननेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ककरोच जनता पार्टी कोलकाता में एक बड़ी जनसभा करने की योजना बना रही है। सूत्रों के मुताबिक दुर्गापूजा के ठीक बाद सीजेपी द्वारा कोलकाता में यह सभा आयोजित की जा सकती है।
किस मुद्दे पर हो रहा है आंदोलन
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी द्वारा कोलकाता में आंदोलन करने की योजना थी हालांकि तब इसकी अनुमति नहीं मिल पाई थी। अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञाननेश कुमार और अन्य मुद्दों को लेकर सीजेपी कोलकाता की सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रही है।
तृणमूल और वाम छात्र संगठनों से संपर्क
सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम को लेकर सीजेपी नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस से संपर्क किया है। कोलकाता में सभा कहां और कब आयोजित की जाएगी इसे लेकर अभिजीत दीपक के नेतृत्व में तृणमूल और वाम छात्र संगठनों से अलग-अलग बातचीत की जा रही है। सीजेपी ने पहले ही 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया है। इस कार्यक्रम को वाम छात्र संगठनों की ओर से समर्थन दिए जाने की बात सामने आई है।
कोलकाता के कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज
कोलकाता में सीजेपी के प्रस्तावित कार्यक्रम को तृणमूल कांग्रेस की ओर से सहयोग मिलने की खबरों पर सीपीएम ने निशाना साधा है। एसएफआई के अखिल भारतीय महासचिव सृजन भट्टाचार्य ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि संगठन के पास कितने लोग हैं जो उन्हें सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर नीट आंदोलन से लेकर सीजेपी के विभिन्न कार्यक्रमों में एसएफआई सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है। कोलकाता में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी एसएफआई का राज्य नेतृत्व संगठन के नेताओं से बातचीत करेगा।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

