नागपुर में 19.88 लाख से अधिक लाभार्थी योजना के दायरे में, तीन महीनों में बने 1.75 लाख नए ई-कार्ड

Nagpur Ayushman Bharat scheme beneficiaries update: नागपुर जिले में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पिछले तीन महीनों में 1 लाख 75 हजार 956 नए आयुष्मान भारत ई-कार्ड बनाए गए हैं। अब जिले के कुल 19 लाख 88 हजार 483 लोग योजना के पात्र हैं। जिला प्रशासन के अभियान की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने सराहना की।
विषयसूची
नागपुर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का बढ़ा दायरा
Nagpur Ayushman Bharat scheme beneficiaries update: नागपुर जिले में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पिछले तीन महीनों में जिले में 1 लाख 75 हजार 956 नए लाभार्थियों के आयुष्मान भारत ई-कार्ड बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कुल पात्र लाभार्थियों की संख्या 19 लाख 88 हजार 483 तक पहुंच गई है।
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा मिलेगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद के मार्गदर्शन में जिला शल्य चिकित्सक, जिला परिषद और नागपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों के ई-कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज की। इसी प्रयास के चलते बड़ी संख्या में नए लाभार्थी योजना से जुड़े।
तीन महीनों में बने 1.75 लाख से अधिक नए आयुष्मान ई-कार्ड
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने इस उपलब्धि पर नागपुर जिला प्रशासन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए।
पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने कहा, “मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। नागपुर जिला प्रशासन ने इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” उन्होंने जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनायक महामुनी तथा योजना से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के खर्च के बोझ से बचाना और समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रशासन आगे भी शेष पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने के लिए अभियान जारी रखेगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

