Kolkata News: कोलकाता में कॉलेज स्ट्रीट और अन्य इलाकों से हॉकर्स को हटाए जाने की खबरों के बीच नगर निगम की ओर से बड़ा स्पष्टीकरण सामने आया है। कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे ने साफ कहा है कि हॉकर्स को हटाने या उनकी दुकानों को उखाड़ने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने इस तरह की खबरों को भ्रामक बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
स्मिता पांडे ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि कॉलेज स्ट्रीट से हॉकर्स को हटाया जाएगा, जबकि मुख्यमंत्री की ओर से ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों की वैध दुकानें हैं, उन्हें हटाने की कोई योजना नहीं है और नगर निगम इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
दुकानदारों को परेशान होने की जरूरत नहीं- स्मिता पांडे
नगर आयुक्त ने कहा कि निगम के पास इतना बड़ा तंत्र भी नहीं है कि वह अलग-अलग क्षेत्रों में टीम भेजकर हॉकर्स को हटाने का अभियान चलाए। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि दुकानदारों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। नगर निगम किसी भी वैध व्यवसायी को बेवजह परेशान नहीं करेगा।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर अतिक्रमण कर बैठने वालों को समय-समय पर व्यवस्थित करने का काम किया जाता है। यह नियमित अभियान मुख्य रूप से पुलिस द्वारा चलाया जाता है ताकि यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसे हॉकर्स उच्छेद अभियान के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
प्री-मानसून की तैयारियां शुरू
इस दौरान स्मिता पांडे ने प्री-मानसून तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम विभिन्न इलाकों की समस्याओं की समीक्षा कर रहा है। शुक्रवार को बरो स्तर पर प्री-मानसून बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें जलजमाव और निकासी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि शहर में ड्रेजिंग और नालों की सफाई का काम किया गया है। भारी बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर पानी जमा हो सकता है, लेकिन इसे लंबे समय तक नहीं रहने दिया जाएगा। नगर निगम की टीमें हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मेयर परिषद सदस्य का इस्तीफा
स्मिता पांडे ने अभिषेक बनर्जी से जुड़े मामलों और कोलकाता नगर निगम की मासिक बैठक पर टिप्पणी करने से इनकार किया। साथ ही उन्होंने बताया कि निकासी विभाग से जुड़े एक मेयर परिषद सदस्य का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है।