Kolkata Municipal Corporation: कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की लंबित मासिक बैठक को लेकर चल रही अटकलों के बीच चेयरपर्सन माला रॉय ने बड़ा बयान दिया है। कल गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम की बैठक आगामी 19 जून को आयोजित की जाएगी। माला रॉय ने कहा कि 22 मई को प्रस्तावित बैठक को स्थगित किए जाने के बाद नियमों के अनुसार नई तारीख तय करने का अधिकार चेयरपर्सन के पास है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में अदालत के निर्देशों का पालन किया जा रहा है और सभी संबंधित पक्षों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
चेयरपर्सन बुला सकती हैं बैठक
माला रॉय ने कहा कि इस मुद्दे पर काफी भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही थी, लेकिन अब आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी गई है कि 19 जून को हाउस की बैठक होगी। उन्होंने बताया कि अदालत ने भी स्पष्ट किया है कि चेयरपर्सन बैठक बुला सकती हैं। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया और निगम अधिनियम के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह 1980 के निगम कानून के दायरे में रहकर ही सभी फैसले लेंगी और किसी भी परिस्थिति में नियमों से बाहर नहीं जाएंगी।
अब तक नहीं पहुंचा मेयर का इस्तीफा
कोलकाता के मेयर के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर माला रॉय ने कहा कि अभी तक उनके पास मेयर का कोई आधिकारिक इस्तीफा नहीं पहुंचा है। यदि ऐसा कोई पत्र उन्हें प्राप्त होता है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से दी जाएगी। वहीं, कुछ पार्षदों की गिरफ्तारी से जुड़े सवालों पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वह केवल निगम की बैठक को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा कर रही हैं। माला रॉय के इस बयान के बाद निगम की आगामी बैठक और नगर राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।