Kolkata Metro: 27 जुलाई से बदलेगा कोलकाता मेट्रो का शेड्यूल,सुबह जल्दी और रात देर तक मिलेगी सेवा

Kolkata Metro: कोलकाता मेट्रो 27 जुलाई से ब्लू और ग्रीन लाइन पर परिचालन समय बढ़ाएगी, जानें नई टाइमिंग और ट्रेनों की बढ़ी हुई संख्या।
विषयसूची
कोलकाता मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी
Kolkata Metro: कोलकाता मेट्रो रेलवे 27 जुलाई से ‘ब्लू’ और ‘ग्रीन’ लाइन पर परिचालन अवधि बढ़ाएगी और ट्रेनों की संख्या में भी इजाफा करेगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मेट्रो अधिकारी के मुताबिक सोमवार से शनिवार तक दोनों लाइनों पर पहली ट्रेन सुबह छह बजे चलेगी जबकि आखिरी ट्रेन रात साढ़े दस बजे रवाना होगी। वर्तमान में ‘ब्लू लाइन’ पर पहली ट्रेन सुबह 6:50 बजे और आखिरी ट्रेन रात 9:44 बजे चलती है, जबकि ‘ग्रीन लाइन’ पर पहली ट्रेन सुबह 6:39 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:05 बजे रवाना होती है।
कोलकाता मेट्रो का बड़ा तोहफा
मेट्रो अधिकारी ने कहा, “यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए ट्रेनों की संख्या में इजाफा किया गया है और कार्यदिवसों तथा शनिवार को सुबह जल्दी मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।”लंबे समय तक काम करने वाले तथा सुबह जल्दी या देर रात काम करने वाले यात्री लंबे समय से मेट्रो सेवाओं के परिचालन समय में विस्तार की मांग कर रहे थे।
जाने कितनी बढ़ेगी मेट्रो की संख्या
अधिकारी ने बताया कि दक्षिणेश्वर से कवि सुभाष को जोड़ने वाली ‘ब्लू लाइन’ पर मेट्रो फेरों की संख्या बढ़ाकर कार्यदिवसों में 272, शनिवार को 258 और रविवार को 158 कर दी जाएगी। वहीं, साल्ट लेक के सेक्टर-पांच को हावड़ा मैदान से जोड़ने वाली ‘ग्रीन लाइन’ पर फेरों की संख्या बढ़ाकर कार्यदिवसों में 236, शनिवार को 212 और रविवार को 111 कर दी जाएगी। बयान के अनुसार रविवार को ‘ब्लू’ और ‘ग्रीन’ दोनों लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सुबह नौ बजे से रात साढ़े दस बजे तक उपलब्ध रहेंगी। नई समय-सारिणी 27 जुलाई से लागू होगी जिससे रोज़ाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

