Khan Sir News: पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर कथित फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कदमकुआं थाना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी अब मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस मामले में जांच जारी है और खान सर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं।
फायरिंग करने वाले खान सर के दो बॉडीगार्ड गिरफ्तार
वायरल वीडियो में खान सर के एक बॉडीगार्ड को कथित तौर पर थ्री फिफ्टीन की मॉडिफाइड राइफल से फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। करीब 38 सेकेंड के इस वीडियो में दो से तीन राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खान सर के दो बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और शालेश्वर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। प्रदीप कुमार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और शालेश्वर प्रसाद कासगंज जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
खान सर कोचिंग के बाहर ताबड़तोड़ गोली फायरिंग उनके बॉडीगार्ड के द्वारा किया जा रहा!
पहले गोली फायरिंग करने की बात खान सर ने कहा था
वीडियो तेजी से वायरल हो रहा जिसमें खान बाहर फायरिंग करते हुए वीडियो में देखा जा रहा है!
पटना प्रशासन को यह वीडियो देखना चाहिए और इसकी पुष्टि हो pic.twitter.com/xMYAGixmCb
— Sadan Singh Rajput (@SadanJee) June 4, 2026
खान सर की ओर से दिए आवेदन में फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं
दिलचस्प बात यह है कि खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के बाद पुलिस ने पहले दावा किया था कि जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। उस समय पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, खान सर की ओर से पुलिस को दिए गए शुरुआती आवेदन में भी फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं किया गया था।
सेल्फ डिफेंस में चलाई गयी थी गोली
हालांकि बाद में खान सर ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि घटना के दौरान गोली चलाई गई थी। उनका कहना है कि यह फायरिंग आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में की गई थी। इस बयान के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और क्या हथियारों का इस्तेमाल नियमों के अनुसार किया गया था।
मंगलवार रात हुआ था हंगामा और पथराव
गौरतलब है कि मंगलवार रात मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने हंगामा और पथराव किया था। इस दौरान परिसर में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना भी हुई थी, जिसमें स्टाफ सदस्य और गार्ड चुनचुन कुमार घायल हो गए थे। अब वायरल वीडियो और नई गिरफ्तारी के बाद यह मामला सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि फायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की जांच का केंद्र बन गया है।