Virat Kohli and Anushka Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। इस दौरान दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। दंपति की इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
विराट और अनुष्का वृंदावन स्थित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। आश्रम में दोनों ने कुछ समय बिताया और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा करते हुए संत का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनकी यात्रा को लेकर आश्रम परिसर में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशंसक इस चर्चित जोड़ी की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए।
Virat Kohli saying “Radhe, Radhe” at Premanand Maharaj’s Ashram in Vrindavan. ❤️ pic.twitter.com/5iEZgfpA6E
— Johns. (@CricCrazyJohns) June 2, 2026
अक्सर प्रेमानंद महाराज के दर पर जाते हैं विराट-अनुष्का
यह पहला मौका नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे हों। दोनों पहले भी कई बार धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन करते रहे हैं। समय-समय पर वे संतों से मुलाकात कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन लेते हैं। यही वजह है कि उनकी यह यात्रा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
दोनों के सादगी भरे अंदाज ने खिंचा सबका ध्यान
वृंदावन यात्रा के दौरान दोनों का सादा और पारंपरिक लुक भी लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। विराट कोहली ब्राउन रंग के शॉर्ट कुर्ते और ऑफ-व्हाइट पैंट में दिखाई दिए। वहीं अनुष्का शर्मा ने हल्के गुलाबी रंग का पारंपरिक कुर्ता पहना हुआ था, जिसके साथ उन्होंने गहरे गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था। माथे पर तिलक और चेहरे पर मास्क के साथ उनका सादा अंदाज लोगों को काफी पसंद आया।
आईपीएल में विराट कोहली का शानदार प्रदर्शन
आईपीएल फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर जीत अपने टीम के नाम करने के बाद विराट कोहली वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शरण में पहुंचे. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में विराट ने 42 गेंदों पर 75 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने केवल 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर आईपीएल में अपना सबसे तेज पचासा भी जड़ा।
मौजूदा आईपीएल सीजन में विराट कोहली ने 16 मैचों में 675 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे। मैदान पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनकी वृंदावन यात्रा और संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है।