Delhi Cylinder Blast: राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र में आज मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुकुंदपुर स्थित ईशू विहार की गली नंबर-1 में गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके के बाद एक इमारत भरभराकर गिर गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही सेकंड में पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान की दीवारें और छत एक साथ ढह गईं। हादसे में 4 से 5 लोगों के घायल होने की खबर है।
राहत एवं बचाव कार्य शुरू
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की पीसीआर टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेरकर बचाव अभियान शुरू किया गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सुबह 9:37 बजे इमारत गिरने और लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और दमकल कर्मी मिलकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
तीन लोगों को मलबे से निकाला, एक के फंसे होने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है। बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रहा है।
आधा दर्जन से अधिक सिलेंडर बरामद
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मलबे से आधा दर्जन से अधिक सिलेंडर भी बरामद हुए हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मकान में इतने सिलेंडर क्यों रखे गए थे और धमाके की असली वजह क्या थी।
फिलहाल प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटने और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।