Delhi BJP New President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजधानी दिल्ली में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। हर्ष मल्होत्रा अब वीरेंद्र सचदेवा की जगह दिल्ली भाजपा की कमान संभालेंगे।
दिल्ली भाजपा में पिछले कई महीनों से संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं तेज थीं। पार्टी के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कई नाम सामने आ रहे थे, जिनमें हर्ष मल्होत्रा, वीरेंद्र सचदेवा और राजीव बब्बर प्रमुख रूप से चर्चा में थे। आखिरकार भाजपा नेतृत्व ने हर्ष मल्होत्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें दिल्ली संगठन की जिम्मेदारी सौंप दी।
भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी, माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, माननीय गृहमंत्री श्री @AmitShah जी एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।… https://t.co/BDxutTOrEp
— Harsh Malhotra (@hdmalhotra) May 28, 2026
लंबे समय से चल रही थी बदलाव की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व लंबे समय से दिल्ली संगठन में बदलाव की तैयारी कर रहा था। पिछले वर्ष जुलाई में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली के सांसदों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से राय-मशविरा भी किया था। हालांकि शुरुआत में उम्मीद थी कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर फैसला हो जाएगा, लेकिन विभिन्न राजनीतिक परिस्थितियों के चलते यह निर्णय टलता चला गया।
माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनावों के कारण दिल्ली भाजपा अध्यक्ष को लेकर फैसला कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। अब पार्टी ने आखिरकार संगठनात्मक बदलाव को अंतिम रूप दे दिया है।
वीरेंद्र सचदेवा का कार्यकाल बेहद अहम
वीरेंद्र सचदेवा के कार्यकाल को भाजपा के लिए काफी अहम माना जाता है। उनकी अध्यक्षता में भाजपा ने 27 वर्षों बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की और राजधानी में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने में सफलता हासिल की। दिसंबर 2022 में आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद वीरेंद्र सचदेवा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि मार्च 2023 में उन्हें स्थायी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पंजाबी समुदाय के नेता को मिली कमान
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने इस बार भी पंजाबी समुदाय से आने वाले नेता को दिल्ली की कमान देकर अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने का संकेत दिया है। दिल्ली में पंजाबी समुदाय की अच्छी संख्या है और यह वर्ग लंबे समय से भाजपा का मजबूत समर्थक माना जाता रहा है।
अब हर्ष मल्होत्रा के सामने दिल्ली भाजपा संगठन को आगामी चुनावों और राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से भाजपा को राजधानी में और मजबूती मिलेगी।