SECR Apprentice Recruitment 2026: अगर आपने 10वीं पास करने के बाद आईटीआई (ITI) का कोर्स किया है और रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) ने रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC) बिलासपुर के तहत अप्रेंटिस भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए अलग-अलग ट्रेड्स में कुल 1191 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी तरह की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा।
आवेदन प्रक्रिया 12 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 11 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत फिटर, वेल्डर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA), स्टेनोग्राफर हिंदी/इंग्लिश, डीजल मैकेनिक और कारपेंटर जैसे कई ट्रेड्स में भर्ती की जाएगी। इसके अलावा भी कई अन्य तकनीकी ट्रेड्स को शामिल किया गया है। उम्मीदवार अपनी आईटीआई ट्रेड के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त संस्थान से आईटीआई सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन
ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप इंडिया पोर्टल apprenticeshipindia.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद SECR की आधिकारिक वेबसाइट secr.indianrailways.gov.in पर जाकर भर्ती लिंक के जरिए आवेदन फॉर्म भरना होगा। सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद आवेदन सबमिट करना होगा और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
बिना परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट लिस्ट 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के औसत के आधार पर तैयार होगी। जिन उम्मीदवारों का नाम मेरिट लिस्ट में आएगा, उन्हें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
रेलवे में करियर की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक शानदार अवसर साबित हो सकती है।