शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान! अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET की परीक्षा, जानिए क्या होंगे बदलाव

NTA ने NEET UG 2026 री-एग्जाम की नई तारीख 21 जून घोषित कर दी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अगले साल से परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी। पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है। छात्रों को बिना फीस दोबारा परीक्षा देने और पसंद का शहर चुनने की सुविधा मिलेगी।
विषयसूची
NEET: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता के बीच अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पुनर्परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। एजेंसी के मुताबिक अब NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए छात्रों से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर ही भरोसा करें।
14 जून तक जारी होगा एडमिट कार्ड
NTA के अनुसार, री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। छात्रों को अपनी पसंद का शहर चुनने का मौका भी मिलेगा और इसके लिए अलग से समय दिया जाएगा। इतना ही नहीं, परीक्षा के दौरान OMR शीट भरने के लिए छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी कहा कि पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
अगले साल से ऑनलाइन होगी परीक्षा
इस पूरे मामले को लेकर पहली बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पेपर लीक विवाद को देखते हुए अगले साल से NEET UG परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन और कंप्यूटर बेस्ड होगी। यानी अब OMR शीट की जगह छात्र कंप्यूटर पर परीक्षा देंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
जांच के बाद लिया गया परीक्षा रद्द करने का फैसला
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 3 मई को हुई परीक्षा के बाद 7 मई तक NTA के कंप्लेंट सिस्टम में कई शिकायतें दर्ज हुई थीं। इसके बाद आंतरिक जांच शुरू हुई और मामला संबंधित एजेंसियों को सौंपा गया। जांच के दौरान 12 मई तक यह स्पष्ट हो गया कि कथित “गेस पेपर” में मौजूद सवाल असली परीक्षा से मेल खा रहे थे। इसके बाद सरकार ने परीक्षा रद्द करने का कठिन फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि “हम किसी भी माफिया को पैसों के दम पर मेहनती छात्रों की सीट छीनने नहीं देंगे।” सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस बार परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता नहीं होने दी जाएगी।

