जरूर पढ़ें

Emergency Alert: क्या आपके फोन पर भी बजी “Alert” की घंटी? जानिए क्या है और क्यों आया यह मैसेज

Emergency Alert: क्या आपके फोन पर भी बजी "Alert” की घंटी? जानिए क्या है और क्यों आया यह मैसेज
Emergency Alert: क्या आपके फोन पर भी बजी "Alert” की घंटी? जानिए क्या है और क्यों आया यह मैसेज (Pic Credit- X @Ankittt410)

आज सुबह अचानक तेज आवाज के साथ स्मार्टफोन पर आए “Emergency Severe Alert” ने कई लोगों को चौंका दिया। किसी ने इसे खतरा समझा तो किसी ने स्कैम। आखिर यह मैसेज क्यों आया और क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है? जानिए आपके फोन पर क्यों बजा यह अलर्ट।

Updated:

Emergency Alert: आज 2 मई की सुबह अचानक देशभर में हजारों लोगों के स्मार्टफोन एक साथ तेज और असामान्य अलार्म टोन के साथ बज उठे। फोन स्क्रीन पर “Emergency Severe Alert” लिखा देख कई लोग घबरा गए। कुछ को लगा कि फोन हैक हो गया है, तो कई लोगों ने इसे किसी साइबर फ्रॉड या स्कैम का हिस्सा समझ लिया। सोशल मीडिया पर भी देखते ही देखते सवालों की बाढ़ आ गई “क्या ये कोई खतरे की चेतावनी है?”, “फोन में दिक्कत तो नहीं?”, “क्या करना चाहिए?”

आखिर क्या है ये अलर्ट ?

लेकिन राहत की बात यह है कि यह कोई खतरे की घंटी नहीं, बल्कि भारत सरकार द्वारा किया गया एक आधिकारिक टेस्ट था। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) देशभर में नए वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदा के दौरान लोगों तक समय रहते जरूरी सूचना पहुंचाई जा सके।

दरअसल, यह सेल ब्रॉडकास्टिंग तकनीक पर आधारित एक सैंपल टेस्ट मैसेज था, जिसे खास तौर पर सिस्टम की क्षमता परखने के लिए भेजा गया। इसका मतलब साफ है कि अगर आपके फोन पर भी यह अलर्ट आया, तो घबराने या कोई विशेष कदम उठाने की जरूरत नहीं है। यह सिर्फ यह जांचने के लिए था कि आपात स्थिति में सरकार कितनी तेजी से प्रभावित क्षेत्र के लोगों तक संदेश पहुंचा सकती है।

आपदा के वक्त मिलेगी चेतावनी

इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह किसी एक मोबाइल नंबर पर निर्भर नहीं करती। जिस क्षेत्र में खतरा होगा, वहां मौजूद सभी स्मार्टफोन्स पर एक साथ अलर्ट भेजा जा सकेगा। यानी बाढ़, भूकंप, सुनामी, चक्रवात, आकाशीय बिजली, गैस रिसाव या रासायनिक दुर्घटना जैसी स्थिति में लोगों को कुछ ही सेकंड में चेतावनी मिल सकेगी।

आज के दौर में जब लगभग हर व्यक्ति के हाथ में स्मार्टफोन है, ऐसे में यह तकनीक टीवी या रेडियो से कहीं ज्यादा तेज और प्रभावी साबित हो सकती है। खास बात यह भी है कि भविष्य में युद्ध, आतंकी खतरे या राष्ट्रीय आपातकाल जैसी गंभीर परिस्थितियों में भी इसी सिस्टम का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।