Khan Sir: पटना के चर्चित शिक्षण संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के संस्थापक खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पहले से फायरिंग मामले में कानूनी जांच का सामना कर रहे खान सर की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। इस बार उनके परिवार के कुछ सदस्यों ने ही उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले खान सर के चाचा निसार अहमद ने उनकी शैक्षणिक योग्यता पर सवाल खड़े किए हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि खान सर के पास कोई विशेष या असाधारण शैक्षणिक डिग्री नहीं है। उनका कहना है कि खान सर की लोकप्रियता का मुख्य कारण उनकी बोलने की शैली और पढ़ाने का अंदाज है, न कि कोई उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दावों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
दूसरे चाचा ने भी खान सर पर लगाया गंभीर आरोप
इसी बीच खान सर के दूसरे चाचा इमरान अहमद ने भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। देवरिया के भाटपाररानी निवासी इमरान अहमद ने खान सर को अत्यधिक महत्वाकांक्षी व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे अपने विरोधियों को निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में चर्चा में आए रौशन आनंद प्रकरण के पीछे भी कोई बड़ी साजिश हो सकती है। हालांकि इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई सार्वजनिक प्रमाण पेश नहीं किया।
अपनी छवि बढ़ाने के लिए विवादित बयान देते हैं खान सर- इमरान अहमद
इमरान अहमद ने यह भी कहा कि खान सर छात्रों के बीच अपनी छवि को बढ़ाने के लिए कई बार विवादित बयान देते हैं और पढ़ाई के दौरान राजनीतिक विषयों को भी शामिल करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षा के नाम पर छात्रों को प्रभावित किया जाता है और संस्थान से जुड़े कई दावों में पारदर्शिता की कमी है। उनके अनुसार, छात्रों की संख्या और संस्थान की उपलब्धियों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जाता है।
लगातार बढ़ रही खान सर की मुश्किलें
फायरिंग मामले में भी खान सर की परेशानियां कम होती नहीं दिख रही हैं। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि उनकी कानूनी टीम का कहना है कि खान सर का इस घटना से कोई संबंध नहीं है और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उनकी ओर से अग्रिम जमानत की तैयारी की जा रही है।