जरूर पढ़ें

झारखंड ट्रेजरी घोटाला: बोकारो एसपी ऑफिस का सिपाही गिरफ्तार, घर से 8.75 लाख कैश बरामद

झारखंड ट्रेजरी घोटाला: बोकारो एसपी ऑफिस का सिपाही गिरफ्तार, घर से 8.75 लाख कैश बरामद
झारखंड ट्रेजरी घोटाला: बोकारो एसपी ऑफिस का सिपाही गिरफ्तार, घर से 8.75 लाख कैश बरामद (सांकेतिक तस्वीर)

झारखंड के करोड़ों रुपये के ट्रेजरी घोटाले में CID-SIT ने बोकारो एसपी ऑफिस के सिपाही काजल मंडल को गिरफ्तार किया। उसके घर से 8.75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। जांच में बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। अब रिमांड पर पूछताछ से कई और नाम सामने आने की उम्मीद है।

Updated:

Jharkhand Treasury Scam: झारखंड में सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी के मामले में अब जांच की आंच और तेज हो गई है। जिला कोषागारों से गलत तरीके से वेतन और अन्य मदों में पैसे निकालने के बड़े घोटाले में CID की विशेष जांच टीम (SIT) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को बोकारो एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात सिपाही काजल मंडल को गिरफ्तार किया गया।

इस गिरफ्तारी के बाद पूरे पुलिस विभाग में हलचल मच गई है, क्योंकि जांच में सामने आया है कि सरकारी पैसे की इस हेराफेरी में अंदरखाने कई लोग जुड़े हो सकते हैं।

घर से 8 लाख 75 हजार रुपये नकद बरामद

SIT की पूछताछ में काजल मंडल ने कई अहम बातें कबूल कीं। उसके बयान और निशानदेही पर जब टीम ने बोकारो स्थित उसके घर पर छापेमारी की, तो वहां से 8 लाख 75 हजार रुपये नकद बरामद हुए। जांच अधिकारियों के मुताबिक यह रकम सरकारी खजाने से अवैध तरीके से निकाले गए पैसों का हिस्सा है।

जांच में यह भी पता चला है कि काजल मंडल इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड माने जा रहे एसपी कार्यालय के लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था। आरोप है कि कौशल पांडेय यात्रा भत्ता और अन्य सरकारी मदों से अवैध निकासी कर रकम काजल मंडल के बैंक खाते में भेजता था। बाद में यह पैसा अलग-अलग तरीकों से छिपाया जाता था।

मामले में चौथी गिरफ्तारी

इस मामले में काजल मंडल चौथा गिरफ्तार आरोपी है। इससे पहले कौशल कुमार पांडेय, गृह रक्षक सतीश कुमार और एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल ये तीनों रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं।

करीब 1.93 करोड़ और 18 लाख रुपये के एफडी फ्रीज

SIT की जांच में अब तक सिर्फ नकदी ही नहीं, बल्कि करोड़ों की संपत्ति का भी खुलासा हुआ है। बोकारो के तेलीडीह इलाके में जमीन के दस्तावेज, तीन मंजिला आलीशान मकान और अलग-अलग बैंकों में करोड़ों रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट भी जब्त किए गए हैं। अधिकारियों ने करीब 1.93 करोड़ और 18 लाख रुपये के एफडी खाते फ्रीज कर दिए हैं।

झारखंड सरकार के सख्त निर्देश के बाद SIT अब बोकारो, हजारीबाग और चाईबासा में दर्ज ऐसे मामलों की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि यह सिर्फ कुछ लोगों का खेल नहीं, बल्कि एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है। अब सभी गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इस घोटाले में शामिल बाकी चेहरों से भी पर्दा उठ सके।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।