नागपुर के गोधनी में क्लोरीन गैस का रिसाव, 250 घर कराए गए खाली

Nagpur Godhni Chlorine Gas Leak: नागपुर के गोधनी स्थित उत्थान नगर में सोमवार सुबह क्लोरीन गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। गैस फैलने के बाद करीब 250 घरों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया। कई लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हुई। प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर जुटीं।
विषयसूची
क्लोरीन गैस रिसाव के बाद 250 घर कराए गए खाली
Nagpur Godhni Chlorine Gas Leak: नागपुर के मानकापुर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधनी के उत्थान नगर में सोमवार सुबह क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गोधनी ग्राम पंचायत के क्लोरीन प्लांट में रखे करीब 900 किलोग्राम क्षमता वाले सिलिंडर से जहरीली गैस लीक हुई।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गए और तत्काल बचाव-राहत कार्य शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने लगभग 250 घर खाली कराकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत हुई। गैस के संपर्क में आने से करीब 35 नागरिकों की तबीयत बिगड़ी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन मरीजों की निगरानी कर रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और कलेक्टर खुद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत एवं बचाव दल क्षेत्र को सुरक्षित करने के साथ-साथ गैस रिसाव को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
प्रशासन ने आसपास के नागरिकों से न घबराने और बचाव दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संबंधित विभागों की टीमें फिलहाल रिसाव के कारणों की जांच और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटी हैं।
घटनास्थल से लगातार मिल रही जानकारी के अनुसार, प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य जारी है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

