विषयसूची
ToggleWest Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 4 मार्च 2026 एक ऐतिहासिक तारीख बन गई। 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जनता ने सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया और भाजपा को स्पष्ट बहुमत देकर एक नए दौर की शुरुआत की। लेकिन इस चुनाव की सबसे खास बात सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज के उस वर्ग की जीत है, जो अक्सर हाशिए पर रहता है।
दूसरों के घरों में काम करने वाली बनी विधायक
आउसग्राम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कलिता माझी की जीत इस बदलाव की सबसे मजबूत तस्वीर बनकर उभरी है। महज 2,500 रुपये महीने कमाने वाली एक घरेलू कामगार का विधायक बनना सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि उस सोच को जवाब है जो कुछ पेशों को छोटा समझती है। गुस्कारा नगरपालिका क्षेत्र की रहने वाली कलिता चार घरों में काम करके अपना और अपने परिवार का गुजारा चलाती थीं।
TMC उम्मीदवार को 12,535 वोटों से हराया
जब चुनाव में उनका नाम सामने आया, तो कई लोगों ने इसे एक सामान्य उम्मीदवारी माना, लेकिन नतीजों ने सबको चौंका दिया। कलिता माझी ने 1,07,692 वोट हासिल कर टीएमसी के श्यामा प्रसन्न लोहार को 12,535 वोटों से हराया। उनकी जीत में सिर्फ वोटों की संख्या नहीं, बल्कि जनता का भरोसा और अपने जैसे व्यक्ति को आगे बढ़ाने की भावना झलकती है।
2021 में भी कलिता माझी ने आजमाई थी किस्मत
यह पहली बार नहीं था जब उन्होंने चुनाव लड़ा। 2021 में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन तब हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और इस बार जनता ने उन्हें सिर आंखों पर बैठा लिया।
आरजी कर रेप पीड़िता की मां को मिली बड़ी जीत
इस चुनाव में कई ऐसी कहानियां सामने आईं, जो बदलाव की गवाही देती हैं। संदेशखाली की रेखा पात्रा और आरजी कर अस्पताल की घटना से जुड़ी पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ जैसी महिलाओं की जीत ने यह साफ कर दिया कि इस बार जनता ने सिर्फ सरकार नहीं बदली, बल्कि व्यवस्था के चेहरे भी बदल दिए हैं।
भाजपा के नाम 206 सीटें, ममता को मिली हार
भाजपा ने 294 में से 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया और 15 साल पुराने शासन का अंत कर दिया। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा, जो इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।