नागपुर में महालक्ष्मी सरस प्रदर्शनी, राज्यभर के व्यंजन और उत्पादों की झलक
Mahalaxmi Saras 2026 Nagpur Reshimbag exhibition women self-help groups: नागपुर, 10 मार्च। नागपुर के रेशीमबाग मैदान में 11 से 23 मार्च तक राज्यस्तरीय महालक्ष्मी सरस 2026 प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल मैदान में सज चुके हैं और नागपुरवासियों के लिए राज्यभर के पारंपरिक व्यंजन व विशेष उत्पाद उपलब्ध होंगे।
प्रदर्शनी में कुल 370 स्टॉल लगाए गए हैं — 100 स्टॉल खाद्य पदार्थों के और 270 स्टॉल हस्तशिल्प तथा घरेलू उपयोग की वस्तुओं के।
इस प्रदर्शनी में बीड जिले के दुर्गा माता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए तळमळी फूलों के हार विशेष आकर्षण हैं। बिना प्लास्टिक या किसी कृत्रिम सामग्री के तैयार ये हार एक वर्ष तक सुरक्षित रहते हैं।
नागपुर जिले के कळमेश्वर की महिलाओं ने ऑयस्टर मशरूम की खेती कर उससे सूखे मशरूम और मशरूम का अचार तैयार किया है, जो स्टॉल पर उपलब्ध है।
इसके अलावा प्रदर्शनी में निम्नलिखित उत्पाद भी मिलेंगे:
- सोलापुर से शेंगदाणा चटनी और बाजरा-ज्वार की भाकरी
- वाशिम की सूखी हरभरा सब्जी
- बुलढाणा की अंबाडी भाजी
- नाशिक के केमिकल-फ्री फ्लेम अंगूर और मनुके
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों के उत्पादों को बड़ा बाज़ार उपलब्ध कराना और उनके उद्योगों को आर्थिक मजबूती देना है। प्रदर्शनी 23 मार्च तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र