West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले अमित शाह ने कोलकाता में BJP का घोषणापत्र जारी कर सियासी मुकाबले को और तेज कर दिया है। इस बार पार्टी ने सबसे बड़ा फोकस महिलाओं पर रखा है। घोषणापत्र में वादा किया गया है कि अगर राज्य में BJP की सरकार बनती है, तो हर महिला को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास
यह घोषणा सीधे तौर पर राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है। मंच से अमित शाह ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम होगी। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए “दुर्गा सुरक्षा दस्ता” नाम से एक विशेष महिला पुलिस बटालियन बनाने का भी ऐलान किया गया है।
LIVE: HM Shri @AmitShah releases BJP Sankalp Patra for West Bengal Assembly Election 2026 in Kolkata. #BhorosharShopothBJPhttps://t.co/K5HRYm0x0S
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) April 10, 2026
बेरोजगार युवाओं को भी मिलेंगे ₹3000
घोषणापत्र में सिर्फ महिलाओं ही नहीं, बल्कि बेरोजगार युवाओं को भी साधने की कोशिश की गई है। BJP ने वादा किया है कि नौकरी मिलने तक युवाओं को हर महीने ₹3000 की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।
लड़कियों की शिक्षा मुफ्त
महिला सशक्तिकरण के तहत एक और बड़ा ऐलान यह है कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा। वहीं, लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए KG से PG तक मुफ्त पढ़ाई का वादा भी दोहराया गया है।
राज्य में बड़ी संस्थान खोलने का आश्वासन
घोषणापत्र में विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी कई बड़े वादे किए गए हैं। उत्तर बंगाल में IIT, IIM और AIIMS जैसे बड़े संस्थान खोलने की बात कही गई है, ताकि युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के मौके मिल सकें। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC) को सरकार बनने के छह महीने के भीतर लागू करने का भी ऐलान किया गया है।
इस दौरान अमित शाह ने ममता बनर्जी की सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति बढ़ी है, जिससे आम लोग परेशान हैं।