नागपुर: Asha Bhosle Death News, पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर केंद्रीय मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग) नितिन गडकरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद है और संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
गडकरी ने अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद करते हुए कहा — “उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहे हैं। मेरे 61वें जन्मदिन के अवसर पर मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में वे विशेष रूप से उपस्थित हुई थीं और गीत गाकर मुझे आशीर्वाद दिया था। अभी भी लगभग तीन महीने पहले मेरी उनसे मुलाकात हुई थी, उस समय वे कुछ थकी हुई लगी थीं, और आज उनके निधन का समाचार मिला।”
Asha Bhosle Death News:
उन्होंने आशा ताई की तुलना लता दीदी से करते हुए कहा कि जिस प्रकार लता दीदी ने वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन किया, उसी प्रकार आशा ताई ने भी अपनी अद्वितीय प्रतिभा से भारत का गौरव बढ़ाया।
गडकरी ने विशेष रूप से उनके विदर्भ से गहरे लगाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कविवर्य सुरेश भट की ‘केव्हा तरी पहाटे’ जैसी अनेक ग़ज़लों को आशा ताई ने अपनी आवाज़ देकर अमर बना दिया।
मंत्री ने कहा कि आशा ताई ने अनेक भाषाओं में गीत गाकर करोड़ों श्रोताओं के दिलों में जगह बनाई। उनके गीत आने वाले कई वर्षों तक भारतीय संगीत प्रेमियों के मन में गूंजते रहेंगे।
Asha Bhosle Death News: उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिले।
आशा भोसले के निधन से देशभर के संगीत प्रेमियों और कलाजगत में शोक की लहर है।
रिपोर्ट: Jassi, नागपुर