जून से आईटीआई में नए पाठ्यक्रम शुरू, युवाओं को मिलेगा लाभ
ITI New Courses June Employment Opportunities: नागपुर। महाराष्ट्र के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में जून 2026 से साइबर सुरक्षा, सौर ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और सेवा क्षेत्र के नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। यह घोषणा राज्य के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नागपुर जिले के कामठी में आईटीआई भवन के उद्घाटन अवसर पर की।
मंत्री लोढ़ा ने कहा, राज्य में बढ़ते औद्योगिक निवेश और नई तकनीकों के कारण रोजगार के व्यापक अवसर उत्पन्न हुए हैं। इन अवसरों का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी मिले, इसके लिए सरकारी आईटीआई और तकनीकी विद्यालयों में नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कामठी आईटीआई को आदर्श प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।


कामठी आईटीआई को मिलेगा विकास के लिए निधि
कामठी स्थित इस आईटीआई भवन का उद्घाटन राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के हाथों हुआ। इस अवसर पर संस्थान का नाम शहीद हेमंत करकरे के नाम पर रखने की घोषणा भी की गई।
बावनकुले ने कहा कि बदलते समय के अनुसार कौशल प्रशिक्षण अनिवार्य हो गया है। नए पाठ्यक्रमों से ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार दोनों के अवसर मिलेंगे। उन्होंने संस्थान के विकास हेतु जिला वार्षिक योजना के अंतर्गत 4 करोड़ 50 लाख रुपये की निधि देने की घोषणा की।
नए पाठ्यक्रमों की अधिसूचना आने वाले हफ्तों में जारी होने की संभावना है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र