Jagannath Mandir Guard Murder: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि श्रद्धालुओं को भी झकझोर कर रख दिया है। धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में तैनात गार्ड की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बिरसा मुंडा के रूप में हुई है। यह वारदात गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जब मंदिर परिसर आमतौर पर शांत रहता है।
आज शुक्रवार की सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, तब मंदिर परिसर में गार्ड का शव देखा. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. सुबह जब लोगों को इस घटना का पता चला तो मंदिर परिसर के बाहर भीड़ जमा होने लगी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे एसएसपी
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने जांच टीम को हर एंगल से मामले की पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधी मंदिर की दान पेटी से नकदी लूटकर फरार हो गए। ऐसे में इस घटना को लूट और हत्या दोनों एंगल से देखा जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि अपराध पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया गया। पुलिस का मानना है कि चोर चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे और गार्ड के सामने आने पर उसकी हत्या कर दी गई।
मंदिर से जुड़े सेवक मनोज कुमार के मुताबिक, पूरी रात की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान जल्द से जल्द हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।