Jharkhand News: झारखंड विधानसभा में आज बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया. दरअसल रामनवमी पर डीजे बजाने पर रोक लगाने को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. भाजपा विधायकों ने सरकार को घेरते हुए विरोध जताया.
सदन के बीच वेल में गए विधायक
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर हिंदू पर्व-त्योहारों के दौरान ही डीजे बजाने पर रोक लगा दी जाती है, जबकि अन्य धर्मों के त्योहारों पर ऐसी कोई पाबंदी नहीं लगाई जाती. इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वेल में चले गए.
झारखंड सरकार ने नहीं सुप्रीम कोर्ट ने लगाया प्रतिबंध
हंगामे के बीच विधायक प्रदीप यादव ने भाजपा के आरोपों का खंडन किया. इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि देर रात तक डीजे बजाने पर रोक झारखंड सरकार ने नहीं लगाया है, बल्कि यह आदेश सुप्रीम कोर्ट का है कि रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाना मना है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में भी डीजे बजाने पर रोक लागू है।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि आज पूरा भारत देश कई तरह की गंभीर परेशानियों से जूझ रहा है. गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी को परेशानी हो रही है. यह वक्त हिंदू-मुस्लिम करने का नहीं बल्कि एकता है. मंत्री ने देश की वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता जताई.