सेवा और विकास की दिशा में बड़ा कदम
Abasaheb Thatte Multispeciality Hospital Bhoomi Pujan Nagpur: नागपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज नागपुर में आबासाहेब थत्ते मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का भूमिपूजन किया। साथ ही भारत दुर्गा शक्ति स्थल का शिलान्यास भी संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम डॉ. आबाजी थत्ते सेवा और अनुसंधान संस्था द्वारा आयोजित किया गया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। संघ के पूर्व सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी, पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज, साध्वी ऋतंभरा देवी, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सहित अनेक संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, “1996 से डॉ. आबाजी थत्ते सेवा और अनुसंधान संस्था द्वारा लोकसेवा का बहुत बड़ा कार्य हो रहा है। उस समय लगाया हुआ समाजसेवा का दीप आज विशाल प्रकाशस्तंभ बना है।”
स्वास्थ्य और समाज के लिए नई शुरुआत
उन्होंने विदर्भ जैसे क्षेत्र में इस स्तर की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने को विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। गडकरी ने कहा, “यह प्रकल्प सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को साकार करता है। समर्पण और पारदर्शिता से ही सेवा का कार्य सफल होता है।”
भारत दुर्गा शक्ति स्थल के शिलान्यास को लेकर उन्होंने कहा, “यह मंदिर केवल एक पूजा का स्थान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का केंद्र बनेगा। स्वास्थ्य और आध्यात्म — इन दोनों का संतुलन ही एक समृद्ध समाज की नींव है।”
गडकरी ने संस्था के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में देश के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल होगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र