Paytm Payments Bank: भारतीय बैंकिंग सेक्टर से एक अहम और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने Paytm Payments Bank Limited का बैंकिंग लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिया है। यह फैसला 24 अप्रैल 2026 की शाम से लागू हो चुका है। RBI का यह कदम उन लाखों-करोड़ों ग्राहकों के लिए चिंता और सवाल दोनों लेकर आया है, जो इस बैंक से जुड़े हुए हैं।
क्यों रद्द हुआ लाइसेंस
RBI के अनुसार, यह फैसला अचानक नहीं बल्कि लंबे समय से चल रही अनियमितताओं का परिणाम है। बैंक के कामकाज में गंभीर खामियां पाई गईं और कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। RBI ने साफ तौर पर कहा कि बैंक का संचालन जमाकर्ताओं के हित में नहीं था। बैंकिंग नियमों का पालन न करना और मैनेजमेंट की कार्यशैली पर उठते सवाल इस सख्त कार्रवाई की मुख्य वजह बने। बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट 1949 के तहत यह कदम उठाया गया है।
पूरी तरह बंद हो जायेगा बैंक ?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगे क्या होगा? लाइसेंस रद्द होने के बाद बैंक किसी भी तरह की बैंकिंग गतिविधि नहीं कर सकेगा। इसका मतलब है कि नए ग्राहक जोड़ना, लेन-देन करना या किसी भी प्रकार का नया बिजनेस पूरी तरह बंद हो जाएगा। RBI अब इस बैंक को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करेगा और इसके लिए हाईकोर्ट में आवेदन किया जाएगा। यानी आने वाले समय में यह बैंक पूरी तरह से बंद हो सकता है।
ग्राहकों का पैसा सुरक्षित
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बीच ग्राहकों के लिए एक राहत भरी खबर भी है। RBI ने भरोसा दिलाया है कि बैंक के पास पर्याप्त फंड मौजूद है, जिससे सभी जमाकर्ताओं का पैसा सुरक्षित है। बैंक के बंद होने की प्रक्रिया के दौरान ग्राहकों को उनका पैसा लौटाने को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि आधिकारिक निर्देशों पर ध्यान देना जरूरी है।
मार्च 2022 से ही बैंक पर लगी थी पाबंदियां
यह भी समझना जरूरी है कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया। मार्च 2022 में ही बैंक को नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया गया था। इसके बाद 2024 में कई तरह की पाबंदियां लगाई गईं, जैसे नए डिपॉजिट और ट्रांजैक्शन पर रोक। बावजूद इसके, जब सुधार नहीं दिखा तो आखिरकार RBI को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।