Isha Ambani: न्यूयॉर्क में आयोजित फैशन की सबसे बड़ी रात, Met Gala 2026, इस बार भारतीय कला और शिल्प की अनोखी झलक का गवाह बनी। इसकी वजह रहीं ईशा अंबानी, जिनका लुक सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि परंपरा, भावनाओं और कला का खूबसूरत संगम बनकर सामने आया।
ईशा अंबानी अपने स्टाइल के साथ एक्सपेरिमेंट करने के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जो पेश किया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। असली सोने के धागों से बनी साड़ी, मां नीता अंबानी के पर्सनल कलेक्शन के गहने और बेहद बारीकी से तैयार ब्लाउज हर एक चीज उनके लुक को खास बना रही थी।

डिजाइनर गौरव गुप्ता की साड़ी
इस साड़ी को मशहूर डिजाइनर गौरव गुप्ता ने तैयार किया, जिसे बनाने में 50 कारीगरों को 1200 घंटे से ज्यादा का समय लगा। साड़ी में पिछवाई पेंटिंग से प्रेरित डिजाइन और सॉफ्ट गोल्ड टोन ने इसे रॉयल फिनिश दिया। वहीं, ओपन पल्लू के साथ गोल्डन केप ने उनके पूरे लुक में ड्रामा और मॉडर्न टच जोड़ दिया।

लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनके ब्लाउज की रही। 1800+ कैरेट के डायमंड्स से सजा यह ब्लाउज करीब 2000 घंटे में तैयार हुआ। खास बात यह रही कि इसमें निजाम कलेक्शन की ऐतिहासिक सरपेच को बैक डिजाइन में शामिल किया गया, जिसने इसे शाही अंदाज दे दिया।
150 घंटों में बना गजरा
ईशा का गजरा भी किसी से कम नहीं था। ब्रुकलिन बेस्ड कलाकार सौरभ गुप्ता ने इसे 150 घंटों में तैयार किया। यह असली फूलों का नहीं, बल्कि पेपर, कॉपर और ब्रास से बना जैस्मिन-इंस्पायर्ड हेयर एक्सेसरी था, जो उनके लुक को यूनिक बना रहा था।

“आम” जैसा दिखने वाला स्कल्प्चर
हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान जिस चीज ने खींचा, वो था उनके हाथ में नजर आ रहा “आम”। पहली नजर में साधारण लगने वाला यह आम दरअसल मशहूर कलाकार सुबोध गुप्ता का बनाया एक स्कल्प्चर था। इस छोटे से आर्ट पीस ने उनके पूरे लुक में भारतीय पहचान और कलात्मकता का अलग ही रंग भर दिया।