Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: बापूजी के निधन वाले प्रोमो से मचा हड़कंप, क्या अब शो छोड़ देंगे ‘बापूजी’?

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के नए प्रोमो में बापूजी के लापता होने और निधन जैसी खबर ने फैंस को चौंका दिया। जेठालाल परेशान नजर आए, जबकि सोशल मीडिया पर शो के ट्रैक को लेकर बहस तेज हो गई। अमित भट्ट के शो छोड़ने की अटकलें भी बढ़ीं।
विषयसूची
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी के सबसे लोकप्रिय पारिवारिक कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में एक बार फिर ऐसा मोड़ आया है, जिसने गोकुलधाम सोसायटी ही नहीं बल्कि दर्शकों को भी चौंका दिया है। शो के नए प्रोमो में जेठालाल अपने प्यारे बापूजी यानी चंपकलाल गड़ा को ढूंढते हुए बेहद परेशान नजर आ रहे हैं। खबर फैलती है कि बापूजी अचानक लापता हो गए हैं, और बस फिर क्या पूरी गोकुलधाम सोसायटी में हड़कंप मच जाता है।
बापूजी के खोने का प्रोमो आया सामने
प्रोमो में दिखाया गया है कि जेठालाल घबराए हुए हर घर के दरवाजे पर जाकर पूछ रहे हैं कि क्या बापूजी वहां हैं, लेकिन हर जगह से उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। परेशानी और बढ़ जाती है क्योंकि बापूजी अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर गए हैं, यानी उनसे संपर्क करने का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में जेठालाल की बेचैनी और गोकुलधामवासियों की चिंता दोनों बढ़ती जाती हैं।
जहां एक तरफ सभी लोग चंपकलाल को लेकर चिंतित हैं, वहीं पोपटलाल अपनी शादी की चिंता में भी पीछे नहीं रहते। वह मजाकिया अंदाज में कहता है कि चाचाजी को जल्दी ढूंढो, क्योंकि उन्होंने उसके लिए रिश्ता ढूंढ रखा है। पोपटलाल की यह बात सुनकर बाकी सदस्य सिर पकड़ लेते हैं।
फोन पर मिली बापूजी के निधन की खबर
लेकिन असली झटका तब लगता है जब प्रोमो के आखिर में जेठालाल फोन पर किसी से बात करते हुए सुनते हैं “बापूजी तो चले गए… वो हम सबको छोड़कर चले गए।” यह सुनते ही जेठालाल का चेहरा उतर जाता है और वह बुरी तरह टूटते नजर आते हैं। इस डायलॉग ने फैंस को भावुक भी किया और हैरान भी।
प्रोमो देख भड़के यूजर्स
हालांकि शो में सच में बापूजी की मौत दिखाई जाएगी या यह सिर्फ कोई गलतफहमी या कॉमिक ट्विस्ट है, इसका खुलासा एपिसोड ऑनएयर होने के बाद ही होगा। लेकिन सोशल मीडिया पर इस प्रोमो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई दर्शकों ने मेकर्स पर पुराने ट्रैक दोहराने का आरोप लगाया है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि शो में अब नई कहानी और फ्रेश कंटेंट की जरूरत है।
वहीं कुछ फैंस यह अटकलें भी लगा रहे हैं कि क्या बापूजी का किरदार निभाने वाले अमित भट्ट शो छोड़ने वाले हैं? हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

