Sourav Ganguly Biopic: रिलीज होते ही छाया ‘दादा’ का पहला पोस्टर, लेकिन क्यों भड़क गए फैंस?

सौरव गांगुली की बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया। हालांकि फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने पोस्टर व राजकुमार राव के लुक पर सवाल उठाए।
विषयसूची
Sourav Ganguly Biopic: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। हालांकि पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई सारे यूजर्स पोस्टर देख भड़क गए हैं, तो वहीं कई यूजर्स पोस्टर देख काफी खुश हैं.
पोस्टर में दिखा गांगुली का सबसे यादगार पल
फिल्म के पहले पोस्टर में भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार लम्हों में से एक को दिखाया गया है। पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की बालकनी में बिना शर्ट जर्सी लहराते नजर आ रहे हैं। यह वही ऐतिहासिक पल है, जब साल 2002 के नेटवेस्ट सीरीज फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराया था और जीत के जश्न में सौरव गांगुली ने अपनी जर्सी हवा में लहराकर इतिहास रच दिया था।
पोस्टर पर लिखा है, “उन्होंने सिर्फ खेल खेला नहीं, बल्कि खेल को बदल दिया।” इसके साथ ही मेकर्स ने घोषणा की कि फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर देखते ही सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
पोस्टर रिलीज होने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन आने शुरू हो गए। कुछ फैंस ने राजकुमार राव के डेडिकेशन और फिल्म के कॉन्सेप्ट की तारीफ की, लेकिन बड़ी संख्या में यूजर्स पोस्टर से निराश नजर आए।
कई लोगों ने पोस्टर की एडिटिंग और विजुअल क्वालिटी पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स का कहना था कि सौरव गांगुली जैसे दिग्गज खिलाड़ी की बायोपिक का पहला पोस्टर और ज्यादा प्रभावशाली होना चाहिए था।
सोशल मीडिया पर कई मजेदार कमेंट भी देखने को मिले। किसी ने लिखा कि पोस्टर किसी शुरुआती फोटोशॉप डिजाइन जैसा लग रहा है, तो किसी ने मजाक में कहा कि इसे किसी मीम पेज की पोस्ट समझा जा सकता है। वहीं कुछ लोगों ने इसे Canva वाला पोस्टर तक बता दिया।
फिल्म में कौन-कौन आएगा नजर?
‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि फिल्म का निर्माण लव फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।
फिल्म में राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का किरदार निभाएंगे। वहीं तान्या मानिकतला उनकी पत्नी डोना गांगुली के रोल में नजर आएंगी। इसके अलावा सास्वत चटर्जी सौरव गांगुली के पिता चंडी गांगुली की भूमिका निभाएंगे।

