नागपुर में 34वीं राजीव गांधी सद्भावना दौड़, रामेकर बहनों ने मारी बाजी

Nagpur Rajiv Gandhi Sadbhavana Run: नागपुर के चिटणीस पार्क स्टेडियम में 34वीं राजीव गांधी सद्भावना दौड़ आयोजित की गई। 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ रखी गई, जिसमें रामेकर बहनों ने बाजी मारी। प्रथम 10 विजेताओं को कुल 12 हजार रुपये की नकद राशि, प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए। सभी धाविकाओं को सहभागिता प्रमाणपत्र भी मिले।
विषयसूची
नागपुर में बालिकाओं ने सद्भावना दौड़ में दिखाया दम
Nagpur Rajiv Gandhi Sadbhavana Run: नागपुर, 19 अगस्त 2026। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर चिटणीस पार्क स्टेडियम, महाल में 34वीं राजीव गांधी सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया। राजीव स्पोर्ट्स फाउंडेशन एवं नागपुर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं ने 3 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया, जिसमें रामेकर बहनों ने बाजी मारी।
नागपुर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रफुल्लजी गुधड़े पाटील एवं मुख्य संयोजक संजय दुधे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ शुरू कराई। विशेष अतिथि के रूप में गुरुदेव नगराले, डॉ. शरद सूर्यवंशी, मोतीराम मोहाडीकर एवं रविंद्र खडसे मौजूद रहे। मुकेश शर्मा, अनिल भोरे, रामचंद्र वाणी, रविंद्र टोंग व विनोद पाचघरे भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
नि:शुल्क प्रवेश वाली इस दौड़ में प्रथम 10 विजेताओं को कुल 12 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि, मेरिट प्रमाणपत्र एवं मेडल दिए गए। शीर्ष तीन विजेताओं को विशेष पदकों से सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागी बालिकाओं को सहभागिता प्रमाणपत्र मिले।
विजेता धाविकाओं को नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल
पुरस्कार वितरण समारोह में प्रफुल्लजी गुधड़े पाटील ने राजीव गांधी के योगदान की जानकारी दी कंप्यूटर क्रांति, पंचायतराज व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को मतदान अधिकार दिलाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन संदीप मडके ने किया, आभार प्रदर्शन हनिफ वकार अहमद खान ने किया। दौड़ को सफल बनाने में गौरव दलाल, राजकुमार रामटेके, किशोर उईके, चंदू आठवले, श्याम लांजेवार, प्रभाकर चिर्वतकर, चंद्रकांत गुहे, संजय गोंधळे, प्रफुल्ल ठाकरे एवं देवेंद्र पौणिकर की भूमिका अहम रही।
आयोजकों ने स्टेडियम व एंबुलेंस सुविधा के लिए नागपुर महानगरपालिका तथा सहयोग के लिए पुलिस विभाग, जोन क्रमांक 3, यातायात विभाग एवं कोतवाली पुलिस स्टेशन का आभार जताया। अगले वर्ष 35वीं दौड़ के आयोजन की तैयारियां अभी से शुरू करने की बात आयोजकों ने कही।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

