Aamir Khan Wedding: आज तीसरी बार दूल्हा बनेंगे आमिर खान, गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग लेंगे सात फेरे

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान आज अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मुंबई स्थित उनके घर पर होने वाला यह समारोह बेहद निजी रखा गया है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल होंगे। फैंस इस खास पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
विषयसूची
Aamir Khan Wedding: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान आज, 5 जुलाई को अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। आमिर ने खुद इस शादी की पुष्टि की है और बताया है कि यह समारोह बेहद निजी और पारिवारिक होगा। शादी मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर पर होगी, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
आमिर खान ने हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि 5 जुलाई उनके लिए बेहद खास दिन है। उन्होंने बताया कि शादी घर पर ही होगी और इसमें केवल परिवार व चुनिंदा करीबी लोग शामिल होंगे। अभिनेता ने फैंस से इस नए सफर के लिए आशीर्वाद भी मांगा है।
#WATCH | Mumbai | On his marriage plans, actor Aamir Khan says, “I am getting married on July 5, and the wedding will take place at home with close family and friends. We seek everyone’s blessings and hope that we remain happy forever…” (02.07) pic.twitter.com/GXhBqEaDcH
— ANI (@ANI) July 3, 2026
कौन है आमिर खान की होने वाली पत्नी गौरी स्प्रैट ?
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से स्टाइलिंग और फोटोग्राफी की पढ़ाई की है। वह फिलहाल मुंबई में एक प्रमुख सैलून का संचालन करती हैं। गौरी एक बेटे की मां भी हैं। आमिर और गौरी की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी, लेकिन करीब डेढ़ साल पहले दोनों दोबारा संपर्क में आए और उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी के साथ अपने रिश्ते का खुलासा किया था।
आमिर खान की तीसरी शादी
यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। इससे पहले उन्होंने 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। दोनों का 2002 में तलाक हो गया। इसके बाद 2005 में उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। इस रिश्ते से उनका बेटा आजाद है। 2021 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया, लेकिन आज भी अच्छे दोस्त हैं और बेटे की संयुक्त रूप से परवरिश कर रहे हैं।
शादी की तैयारियां मुंबई स्थित आमिर खान के घर पर पूरी हो चुकी हैं। घर को सजाया गया है और मेहमानों के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हालांकि, आमिर ने इस समारोह को पूरी तरह निजी रखने का फैसला किया है और इसे किसी भव्य बॉलीवुड आयोजन की बजाय पारिवारिक माहौल में संपन्न करने की योजना बनाई है।

