Suvendu Adhiakri Threat: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को लेकर सोशल मीडिया पर एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। फेसबुक पर “दी डेली इंकलाब” नाम के एक पेज से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक व्यक्ति मुख्यमंत्री के खिलाफ धमकी भरी बातें करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद राज्य में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बांग्लादेश से वीडियो का संबंध?
वीडियो में दिख रहा व्यक्ति हिंदी भाषा में बोलते हुए मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने और हमला करने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। उसने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक पेज पर बांग्लादेश का झंडा लगा हुआ है। इसी वजह से यह शक जताया जा रहा है कि वीडियो का संबंध बांग्लादेश से हो सकता है। हालांकि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब बनाया गया, किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किस मकसद से फैलाया गया। साइबर सेल भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता, खासकर तब जब मामला किसी मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा हो।
मुख्यमंत्री को सीमा पर दफनाने की धमकी
इस वीडियो में आरोपी ने मुख्यमंत्री को सीमा पर दफनाने जैसी गंभीर धमकी भी दी है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से देख रही हैं। यह मामला इसलिए भी ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि कुछ दिन पहले ही उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या हुई थी। इस घटना के बाद पहले से ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा हुई कड़ी
राज्य सचिवालय ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिये हैं। वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अधिकारियों से साफ कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा भी उतनी ही जरूरी है जितनी सुरक्षा।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां वीडियो की सच्चाई, आरोपी की पहचान और उसके पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।