Kolkata Police, (रिपोर्ट- इक़बाल): कोलकाता में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच पुलिसकर्मियों, होमगार्ड और सिविक वॉलंटियर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोलकाता पुलिस ने एक खास पहल शुरू की है। मंगलवार को शहर में समर किट वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पार्क सर्कस सातमाथा मोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया।
इस मौके पर अजय नंद मौजूद रहे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डी.पी. सिंह समेत कोलकाता पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, होमगार्ड और सिविक वॉलंटियर्स को गर्मी में काम के दौरान उपयोगी सामान उपलब्ध कराया गया।
कड़ी धूप में ड्यूटी करने वाले कर्मियों को मिलेगी राहत
कोलकाता पुलिस की ओर से बताया गया कि यह पहल खासतौर पर उन कर्मियों के लिए शुरू की गई है, जिन्हें लंबे समय तक सड़कों पर ड्यूटी करनी पड़ती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच लगातार काम करने वाले पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समर किट तैयार की गई है। हालांकि किट में शामिल सामानों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन इसे गर्मी से राहत देने वाले जरूरी सामानों से तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य का ख्याल रखने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ स्वास्थ्य की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। गर्मी के मौसम में सावधानी बरतना और खुद को सुरक्षित रखना आवश्यक है।