Rahul Gandhi on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान दिया गया एक छोटा सा गिफ्ट अब देश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को पीएम मोदी द्वारा ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस हल्के-फुल्के पल पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला है।
देश में आर्थिक तूफ़ान, पीएम हंसकर बना रहे रील- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बांट रहे हैं।” राहुल ने आगे कहा कि देश में किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री “हंसकर रील बना रहे हैं” और बीजेपी नेता ताली बजा रहे हैं। उन्होंने इसे “नेतृत्व नहीं, नौटंकी” बताया।
पीएम मोदी ने गिफ्ट किया Melody टॉफ़ी
दरअसल, पीएम मोदी अपने इटली दौरे के दौरान जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मेलोनी को भारत की मशहूर ‘Melody’ टॉफियों का पैकेट गिफ्ट किया। माना जा रहा है कि यह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके ‘#Melodi’ ट्रेंड की ओर एक मजाकिया इशारा था, जिसमें मोदी और मेलोनी के नाम को जोड़कर इस्तेमाल किया जाता है।
Thank you for the gift pic.twitter.com/7ePxbJwPbA
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 20, 2026
खिलखिलाते दिखे पीएम मोदी और मेलोनी
वायरल वीडियो में दोनों नेता मुस्कुराते और हंसते नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी नीले रंग के बंदगला सूट में दिखाई दे रहे हैं, जबकि मेलोनी सफेद सूट में नजर आईं। वीडियो में मोदी उन्हें टॉफी का पैकेट देते हैं, जिसके बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हालांकि यह वीडियो लोगों को काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, लेकिन अब इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। एक तरफ बीजेपी समर्थक इसे दोनों नेताओं की दोस्ताना केमिस्ट्री बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रहा है।