बकरी ईद से पहले नागपुर में सफाई और भाईचारे की पहल
Nagpur police Bakrid cleanliness initiative: नागपुर। बकरी ईद से पूर्व शहर में स्वच्छता और भाईचारे का संदेश देने के लिए नागपुर पुलिस आयुक्त सीपी (CP) रविंद्र सिंगल ने एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस, नगर निगम एनएमसी (NMC) और मस्जिद कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभाग 8 के नगरसेवक वसीम खान ने मस्जिदों और मदरसों में डस्टबिन बैग वितरित करने का सुझाव रखा, जिसे सीपी (CP) सिंगल ने सराहा। इसके बाद पुलिस प्रशासन और एनएमसी (NMC) के सहयोग से कई मस्जिद कमेटियों को डस्टबिन बैग वितरित किए गए।

मस्जिदों में डस्टबिन बैग बांटकर लोगों को दिया गया संदेश
सीपी (CP) रविंद्र सिंगल ने कहा “हमें हर त्योहार प्यार, मोहब्बत और आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। स्वच्छता और समाज में सकारात्मक संदेश देना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि मस्जिदों के माध्यम से डस्टबिन बैग वितरण की यह पहल पूरे भारत में पहुंचनी चाहिए।
पार्षद वसीम खान ने नागरिकों से अपील की कि कुर्बानी के बाद निकलने वाली खाल और अन्य वेस्ट मटेरियल को खुले में न फेंकें, बल्कि डस्टबिन बैग में डालकर एनएमसी (NMC) की गाड़ियों के माध्यम से ही डिस्पोज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखना और किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचने देना है।
बैठक में जॉइंट सीपी (CP) रेड्डी, जॉइंट सीपी (CP) दाभाडे, डीसीपी (DCP) ज़ोन 3 राहुल मदने सहित सभी डीसीपी (DCP) और एनएमसी (ACP) अधिकारी उपस्थित थे। मस्जिद कमेटियों और नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल को सकारात्मक बताया।
ईद के दिन एनएमसी (NMC) की विशेष गाड़ियाँ वेस्ट कलेक्शन के लिए तैनात रहेंगी।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र