न्यूटाउन सड़क विवाद के बाद फिर चर्चा में आरोपी बीडीओ
Saltlake Gold Businessman murder accused BDO Prashant Barman drunken Incident: कोलकाता/उत्तर 24 परगना: सॉल्टलेक के स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या के अपहरण और हत्याकांड में आरोपी जलपाईगुड़ी के राजगंज के बीडीओ (BDO) प्रशांत बर्मन एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे न्यूटाउन के सारची सिग्नल के पास नशे में धुत्त अवस्था में गाड़ी चलाते हुए उन्होंने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक लहूलुहान हो गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घायल बाइक चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना के विरोध में जब स्थानीय लोग सामने आए, तो आरोपी बीडीओ (BDO) प्रशांत बर्मन ने उन्हीं पर पलटवार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने विरोध कर रहे लोगों को कभी “भ्रष्ट” कहा, तो कभी “थप्पड़ मारने की धमकी” दी। एक समय वे खुद लड़खड़ाते कदमों से गाड़ी से उतरे और पुलिस को संबोधित करते हुए कहा “मुझे गिरफ्तार करो।”
वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच हुई तेज
यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में आरोपी बीडीओ (BDO) का यह व्यवहार साफ देखा जा सकता है।
बिधाननगर कमिश्नरेट के इकोपार्क थाने की पुलिस ने आरोपी बीडीओ (BDO) प्रशांत बर्मन को मौके से हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि प्रशांत बर्मन पहले से ही सॉल्टलेक के स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या की हत्या के मामले में आरोपी हैं। अब इस नई घटना के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई और कड़ी होने की संभावना है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल